पश्चिम बंगाल जा रही महिला ने बस में जुड़वा बच्चों को दिया जन्म
कोरोनावायरस महामारी के बीच प्रवासी मजदूरों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। हर तरफ श्रमिक भूख प्यास से तड़पते हुए पलायन करने को विवश हैं। इस दर्द-ए-सफर का अंत कब होगा? इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
यदि कुछ है तो श्रमिकों के बहाने सियासत जरूर देखने को मिली रही है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बरेली का है। यहां हापुड़ से पश्चिम बंगाल जा रही एक गर्भवती महिला ने बस में प्री-मेच्योर जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। लेकिन इलाज के अभाव में दोनों की मौत हो गई। इसके बाद से दंपती का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके साथ निकले श्रमिक भी उन्हें बरेली में छोड़कर अपने गंतव्य की तरफ रवाना हो गए।
40 साथियों ने बस का किया था इंतजाम
पश्चिम बंगाल निवासी मिथुन मियां उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक ईंट भट्ठे पर काम करता है। लेकिन दो माह से लॉकडाउन के बीच भट्ठा बंद हो गया। जिससे उनके सामने खाने का संकट खड़ा हो गया। इसलिए मिथुन व उसके 40 साथियों ने अपने राज्य जाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। लेकिन कोई सरकारी मदद नहीं मिली। इसके बाद उन लोगों ने 1.25 लाख रुपए में निजी बस की बुकिंग की। जिसमें सवार होकर सभी मजदूर शनिवार शाम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुए।
छह माह की गर्भवती थी फातिमा
मिथुन ने कहा- उसकी पत्नी फातिमा छह माह की गर्भवती थी। वह भी बस में साथ थी। बस बरेली जिले में बिथरी इलाके में नेशनल हाईवे पर पहुंची कि, फातिमा को अचानक प्रसव पीड़ा शुरु हो गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही फातिमा ने दो बेटियों को जन्म दे दिया। जिसमें एक मृत पैदा हुई थी। एंबुलेंस की मदद से फातिमा व उसके बच्चों को जिला महिला अस्पताल लाया गया। जहां दूसरी नजवात ने भी दम तोड़ दिया।
कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल जुटाया
जिला महिला अस्पताल की इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. वर्षा ने कहा- महिला ने 6 महीने के जुड़वा मृत बच्चों को जन्म दिया था। महिला का कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें